दक्षिण 24 परगना के 15 बूथों पर छिटपुट घटनाओं के साथ पुनर्मतदान संपन्न

बसुलडांगा पंचायत के चांदा गांव में पुनर्मतदान को लेकर तनाव तृणमूल के कैंप में तोड़फोड़ का आरोप
रायनगर एफपी स्कूल में पुनर्मदान के दौरान  तैनात सुरक्षा बल के जवान
रायनगर एफपी स्कूल में पुनर्मदान के दौरान तैनात सुरक्षा बल के जवान
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर शनिवार को पुनर्मतदान छिटपुट घटनाओं के साथ संपन्न हो गया। पुनर्मतदान में मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 तथा डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर पुनर्मतदान कराया गया।

चांदा गांव में पुनर्मतदान को लेकर तनाव :

डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के बसुलडांगा पंचायत के चांदा गांव स्थित 179 नंबर बूथ पर पुनर्मतदान को लेकर तनाव फैल गया। आरोप है कि एक दिव्यांग मतदाता अपनी मां के साथ वोट डालने पहुंचा, तो पुलिस और केंद्रीय बलों ने उन्हें बूथ में प्रवेश करने से रोक दिया। बाद में पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर चली गई। इस घटना को लेकर बूथ के पास स्थानीय निवासियों के एक वर्ग ने विरोध प्रदर्शन किया। तृणमूल का आरोप है कि विपक्ष के समर्थन से जानबूझकर उस दिव्यांग मतदाता और उसकी मां को परेशान किया गया। बाद में केंद्रीय बलों ने मौके से भीड़ को हटा दिया।

तृणमूल कैंप में तोड़फोड़ का आरोप

मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के नाजरा एफपी स्कूल स्थित 127 नंबर बूथ के पास तृणमूल के कैंप कार्यालय में तोड़फोड़ का आरोप केंद्रीय बलों पर लगाया गया है। यहां तक कि कुछ कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की भी शिकायत सामने आई है। तृणमूल का दावा है कि मतदाताओं की सहायता के लिए बूथ से 500 मीटर दूर पार्टी का एक कैंप बनाया गया था। आरोप है कि भाजपा की साजिश के तहत केंद्रीय बलों ने उस कैंप पर हमला किया। इस घटना को लेकर तृणमूल उम्मीदवार ने चुनाव आयोग और केंद्रीय बलों के खिलाफ नाराजगी जताई। इसके अलावा भाजपा के उम्मीदवार को घेर कर जय बांग्ला का नारा लगाया गया।

पुनर्मतदान को लेकर वोटरों ने कहा

डायमंड हार्बर विधानसभा के अंतर्गत रायनगर एफपी स्कूल में मतदान के लिए आए कई लोगों ने कहा कि पुनर्मतदान होने से उनका समय और काम प्रभावित हुआ। वहीं, कई लोगों ने इसे लोकतंत्र के लिए सही ठहराया। कृष्णा घोष ने कहा कि पुनर्मतदान होने से आम लोगों के साथ ही उन्हें भी परेशानी हुई है।

मगराहाट पश्चिम विधानसभा के इन बूथों पर पुनर्मतदान हुआ

46 – उत्तर इयारपुर एफपी स्कूल 126 – नाजरा एफपी स्कूल 127 – नाजरा एफपी स्कूल 128 – देउला एफपी स्कूल 142 – घोला नयापाड़ा गर्ल्स हाई मदरसा 214 – एकतारा मलाया एफपी स्कूल 215 – एकतारा मलाया एफपी स्कूल 216 – एकतारा मलाया धोरा एफपी स्कूल 230 – बहिरपुया कुरकुरिया एफपी स्कूल 231 – बहिरपुया कुरकुरिया एफपी स्कूल 232 – बहिरपुया कुरकुरिया एफपी स्कूल

डायमंड हार्बर विधानसभा के इन केंद्रों पर पुनर्मतदान हुआ

117 – बागदा जूनियर हाई स्कूल 179 – चांदा एफपी स्कूल 194 – हरिदेवपुर एफपी स्कूल 243 – रायनगर एफपी स्कूल

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in