पुलिस छापेमारी में हथियार बरामद, एक गिरफ्तार

हथियार बरामद की तस्वीर
हथियार बरामद की तस्वीर
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : राज्य सचिवालय नवान्न से निर्देश जारी होने के बाद पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में दक्षिण 24 परगना जिले के साहाजादापुर पंचायत अंतर्गत हानार बाटी इलाके में मंगलवार देर रात बकुलतला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से आग्नेयास्त्र, कारतूस और करीब दो किलोग्राम बारूद बरामद किया। इस मामले में खैरुल गाजी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि हाल के दिनों में कुछ बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इलाके में किसी बड़े आपराधिक घटना की साजिश रची जा रही है। सूचना के आधार पर बकुलतला थाना पुलिस की विशेष टीम ने मंगलवार देर रात खैरुल गाजी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी आग्नेयास्त्र, 10 राउंड कारतूस और लगभग दो किलो बारूद बरामद किया। बरामद सामग्री को देखकर पुलिस का अनुमान है कि किसी गंभीर आपराधिक गतिविधि की तैयारी चल रही थी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार और विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं। छापेमारी की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। देर रात भारी पुलिस बल की मौजूदगी से स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के हित में फिलहाल अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती, लेकिन जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in