चुनाव ड्यूटी से राहत के लिए कर्मचारियों की भीड़, प्रशासन सतर्क

दक्षिण 24 परगना जिला मुख्यालय अलीपुर में कई कर्मचारियों ने  अपना नाम चुनाव ड्यूटी से हटाने के लिए आवेदन पत्र जमा देते हुए
दक्षिण 24 परगना जिला मुख्यालय अलीपुर में कई कर्मचारियों ने अपना नाम चुनाव ड्यूटी से हटाने के लिए आवेदन पत्र जमा देते हुए
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण के पत्र मिलने शुरू हो गये हैं। उन्हें इस सप्ताह के अंत तक विभिन्न स्थानों पर प्रशिक्षण में शामिल होना होगा। हर बार की तरह इस बार भी कर्मियों का एक वर्ग ऐसा है जिसने यह ड्यूटी नहीं करने का मन बना लिया है। इसलिए दक्षिण 24 परगना जिला मुख्यालय अलीपुर में कई कर्मचारी अपना नाम चुनाव ड्यूटी से हटाने के लिए आवेदन जमा करने लगे हैं। कुछ ने कारण बताया है कि घर में छोटे बच्चे हैं, तो कुछ ने अपनी शारीरिक अस्वस्थता का हवाला दिया है। किसी-किसी को दो जगह से प्रशिक्षण का पत्र मिला है, इसलिए उन्होंने एक स्थान से नाम हटाने के लिए आवेदन दिया है। अंततः कितने लोगों को वास्तव में छूट मिलेगी, इसका निर्णय जिलाधिकारी करेंगे। सिर्फ आवेदन ही नहीं, कई लोग वरिष्ठ अधिकारियों को फोन कर भी अपना नाम हटाने का अनुरोध कर रहे हैं। जानकारी मिली है कि जो कर्मचारी शारीरिक अस्वस्थता के आधार पर मतदान ड्यूटी से छूट मांग रहे हैं, उनकी मेडिकल जांच कराई जाएगी। यदि डॉक्टर संबंधित कर्मचारी को ‘अनफिट’ घोषित करते हैं, तभी उन्हें मतदान कार्य से मुक्त किया जाएगा। हालांकि, जिला सूत्रों के अनुसार, गंभीर बीमारी या अत्यंत आवश्यक परिस्थिति के अलावा इस बार अधिक संख्या में मतदान कर्मियों को छूट देने के पक्ष में प्रशासन नहीं है। पिछले चुनाव में अधिक छूट देने के कारण मतदान कर्मियों की कमी हो गई थी। इस बार ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए अधिकारी सतर्क हैं।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in