

दक्षिण 24 परगना : दुर्गापूजा के दौरान सतगछिया में एक व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक और पुजारी के बीच पूजा की दक्षिणा को लेकर हुई बातचीत के बाद विवाद शुरू हुआ, जिसकी परिणति युवक के पिता की मौत के रूप में हुई। मृतक की पहचान संजय प्रामाणिक 66 रूप में हुई है। वह हृदय की बीमारी से ग्रसित था। घटना सतगछिया विधानसभा क्षेत्र के हालदार पोखर इलाके की है। जानकारी के अनुसार, पेशे से पुजारी मृणाल घोषाल और उनके मित्र विद्युत प्रामाणिक के बीच मंगलवार को नवमी की रात बातचीत हुई थी। विद्युत ने मृणाल से पूछा था कि क्या वह वर्णाली संघ में दुर्गापूजा करा रहे हैं। मृणाल के हां कहने पर विद्युत ने पूछा कि उन्हें कितनी दक्षिणा देने की बात हुई है। इस पर मृणाल ने 12 हजार रुपये मिलने की बात कही। तब विद्युत ने कहा, ‘मिल जाए तो बताना। मुझे नहीं लगता कि वे तुम्हें 12 हजार रुपये देंगे।’ आरोप है कि दशमी की सुबह पुजारी ने यह बातचीत क्लब के सदस्यों को बता दी। इसके बाद क्लब के कुछ सदस्य विद्युत से नाराज हो गए और इलाके में उनकी तलाश शुरू कर दी। आरोप है कि फोन कर उन्हें धमकाया भी गया। इसके बाद विद्युत ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग ली थी। हालांकि, आरोप है कि इसके बाद क्लब से जुड़े कुछ नशे में धुत युवकों ने सड़क पर विद्युत के पिता संजय प्रामाणिक को देखकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों उन्हें सामली ग्रामीण अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलने पर विष्णुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बुधवार रात इस मामले में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। इस मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त गौर नस्कर को गिरफ्तार कर घटना की जांच शुरू कर दी है।