सोनारपुर में गरमायी राजनीति : नेताजी के घर में प्रवेश को लेकर बवाल

सोनारपुर दक्षिण से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली
सोनारपुर दक्षिण से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच नेताजी सुभाषचंद्र बोस अचानक एक बड़ा मुद्दा बन गये हैं। इसकी वजह है कोदालिया स्थित उनका पैतृक घर। मिली जानकारी के अनुसार सोनारपुर दक्षिण से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली चुनावी समर्थन के साथ-साथ आशीर्वाद लेने के लिए इस ऐतिहासिक स्थल पर जाना चाहती थीं लेकिन आरोप है कि राजपुर–सोनारपुर नगरपालिका के तृणमूल चेयरमैन पल्लब दास ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। इस घटना को लेकर इलाके में तनाव फैल गया और कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। सन्मार्ग ने वीडियों की जांच नहीं की है। हालांकि पल्लब दास ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा ने प्रवेश के लिए कोई औपचारिक अनुमति ही नहीं मांगी थी। उनका आरोप है कि भाजपा जानबूझकर तृणमूल और उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। वायरल वीडियो में देखा गया कि गेट बंद होने पर केयरटेकर ने बिना अनुमति दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। इस पर रूपा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे अनुमति लेकर आयी थीं, फिर भी उन्हें रोका गया। वाइस चेयरमैन पापिया मुखर्जी के अनुसार आम लोगों के लिए यह स्थान केवल 23 और 26 जनवरी तथा 15 अगस्त को खुलता है। अन्य दिनों में प्रवेश के लिए बोस परिवार या ‘नेताजी कृति केंद्र’ से अनुमति जरूरी होती है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in