सोनारपुर में अभिषेक पर हमला और मारपीट के मामले में 5 गिरफ्तार

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

कोलकाता : विधानसभा चुनाव के परिणामों में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के 26 दिन बाद शनिवार को सोनारपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी पर कथित हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम आकाश गायेन, काजल दास, देवाशीष दत्त, निर्माल्य सेनगुप्त और तपन माईती हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की गई है। गिरफ्तारियों की संख्या आगे और बढ़ सकती है। सभी आरोपियों को बारुईपुर अदालत में पेश किया गया। जानकारी के अनुसार, अब तक न तो अभिषेक और न ही तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके बावजूद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल के वीडियो खंगालने के बाद रातभर तलाशी अभियान चलाया गया। इसके बाद कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों पर हमला करने, मारपीट करने, अवैध रूप से भीड़ जुटाने, रास्ता रोकने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं।

हमले के आरोपों के बीच पुलिस ने शुरू की व्यापक जांच

गौरतलब है कि अभिषेक चुनाव बाद हुई हिंसा में मारे गए एक तृणमूल कार्यकर्ता के परिवार से मिलने सोनारपुर पहुंचे थे। उनके पहुंचने से पहले ही वहां कुछ नाराज महिलाओं की भीड़ जमा हो गई थी। आरोप है कि एक तृणमूल कार्यकर्ता की मोटरसाइकिल पर सवार होकर जैसे ही अभिषेक वहां पहुंचे, कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी ओर अंडे, पत्थर और यहां तक कि जूते भी फेंके गए। सुरक्षा कर्मियों और तृणमूल समर्थकों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नियंत्रित नहीं हो सकी। आरोप है कि पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए हेलमेट पहनाकर उन्हें वहां से निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ लोग उन पर झपट पड़े और कथित रूप से मारपीट की। हेलमेट हटाकर उनके सिर पर हमला करने की भी कोशिश की गई। घटना के बाद तृणमूल नेतृत्व ने आरोप लगाया कि यह हमला पूर्वनियोजित था और इसके पीछे भाजपा समर्थित तत्वों का हाथ है। अभिषेक ने दावा किया कि उन पर ईंट फेंकी गई, जो उनकी आंख के पास लगी। बाद में वायरल वीडियो फुटेज में भी इसके संकेत दिखाई देने की बात कही गई। बारुईपुर पुलिस के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ सकती है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in