

कोलकाता: रवींद्र सरोवर थाना क्षेत्र के कांकुलिया रोड पर हुए फायरिंग मामले के मुख्य अभियुक्त विश्वजीत पोद्दार उर्फ 'सोना पप्पू' की तलाश में कोलकाता पुलिस ने देशभर में जाल बिछा दिया है। ताजा जानकारी के अनुसार, सोना पप्पू ने दक्षिण भारत के कर्नाटक से एक फेसबुक लाइव किया था, जिसके बाद से जांच एजेंसियां इस राज्य पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही हैं।
कर्नाटक में दी दबिश, लेकिन हाथ नहीं लगा आरोपी
लालबाजार के सूत्रों के मुताबिक, फेसबुक लाइव के लोकेशन को ट्रैक करते हुए कोलकाता पुलिस की एक विशेष टीम ने बेंगलुरु सहित कर्नाटक के कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही शातिर सोना पप्पू अपना ठिकाना बदल चुका था। पुलिस का मानना है कि कर्नाटक में कुछ दिन फरारी काटने के बाद वह अब किसी दूसरे पड़ोसी राज्य में शरण लिए हुए है।
हवाला के जरिए पहुंच रहे है रुपये
जांचकर्ताओं को अंदेशा है कि सोना पप्पू अपनी विलासी जीवनशैली को बरकरार रखने के लिए बड़े होटलों या सुरक्षित ठिकानों का इस्तेमाल कर रहा है। इसके लिए उसे भारी मात्रा में धन की आवश्यकता है। पुलिस अब उन कड़ियों को जोड़ रही है जो उसे आर्थिक मदद पहुंचा रहे हैं। संदेह है कि कोलकाता के किसी हवाला ऑपरेटर के जरिए उसे नकद राशि भेजी जा रही है। पुलिस उन लोगों की पहचान कर रही है जो उसकी फरारी में वित्तीय सहायता प्रदान कर रहे हैं।
ईडी की भी है नजर
गौरतलब है कि सोना पप्पू न केवल कोलकाता पुलिस की हिटलिस्ट में है, बल्कि ईडी ने भी उसके खिलाफ मामला दर्ज कर रखा है। केंद्रीय जांच एजेंसी भी उसकी गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है।
अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क
कोलकाता पुलिस ने देश के अन्य बड़े शहरों की पुलिस को भी अलर्ट जारी किया है। लालबाजार के वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि आरोपी जल्द ही कानून के शिकंजे में होगा। फिलहाल उसके पुराने रिकॉर्ड और संपर्कों को खंगाला जा रहा है ताकि उसके अगले कदम का पूर्वानुमान लगाया जा सके।