

कोलकाता : बेलियाघाटा थानांतर्गत कवि सुकांत सरणी में शनिवार को एक बुजुर्ग महिला का खून से लथपथ शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान 65 वर्षीय नंदिता बसु के रूप में हुई है। आरोप है कि शुक्रवार की रात महिला के बेटे ने उसकी बेरहमी से पिटायी कर दी थी। हमले में वृद्धा को गंभीर चोट आयी थी। पुलिस ने मामले में महिला के बेटे मैनक बसु को हिरासत में लिया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार दोपहर 1:50 बजे सूचना मिली कि कवि सुकांत सरणी में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला नंदिता बसु अपने घर में बेहोश पड़ी हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि बुजुर्ग महिला के मुंह से खून निकल रहा था और उनका शरीर ठंडा पड़ चुका था। जांच में पता चला कि नंदिता अपने 35 वर्षीय बेटे मैनक के साथ उस घर में रहती थीं। नंदिता बसु अपने बेटे मैनक के साथ दो मंजिले मकान की ऊपरी मंजिल पर रहती थीं। उनके पति का निधन कुछ साल पहले हो चुका था। मैनक कोई काम-धंधा नहीं करता था। मकान की निचली मंजिल पर किरायेदार रहते हैं। एक किरायेदार आरती ने बताया, ‘बीती रात करीब 10:30 बजे ऊपरी मंजिल पर लाउडस्पीकर पर गाना बज रहा था। गाने की आवाज के कारण मुझे कुछ और सुनाई नहीं दिया। मुझे नहीं पता कि गाना कब बंद हुआ, क्योंकि मैं उस दौरान सो गई थी।’प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नंदिता और उसके बेटे मानिक के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। पड़ोसियों का आरोप है कि झगड़े के दौरान मानिक ने अपनी माँ के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में बेटे मानिक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।