

डायमंड हार्बर : मानसिक रूप से विक्षिप्त बेटे पर वृद्ध मां को जिंदा जलाने का आरोप लगा है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका का नाम बिजली घोष (80) है। वह अपने बेटे के साथ अकेली रहती थी। उनके पति मृत्युंजय घोष का एक साल पहले निधन हो गया था। अभियुक्त बेटे का नाम संजय घोष (50) है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संजय मानसिक रूप से विक्षिप्त है। वह पहले भी कई बार अपनी मां को प्रताड़ित कर चुका है। यह भी आरोप है कि उसने कुछ दिन पहले उसका सिर फोड़ दिया था। पुलिस ने आकर बेटे को कई बार चेतावनी दी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। शुक्रवार की सुबह से बारिश हो रही थी। शाम से इलाका लगभग सुनसान था। रात तक बिजली की घर से धुआं निकलता दिखाई दे रहा था। सुबह से ही सड़ी हुई गंध भी आ रही थी। जब स्थानीय लोग घर के सामने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं। धुआं निकल रहा था। स्थानीय निवासियों ने तुरंत महेशतल्ला थाने की पुलिस और बजबज फायर ब्रिगेड को सूचित किया। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने दरवाजा तोड़ने के बाद घर में प्रवेश कर आग बुझाई। वृद्ध महिला जली हुई हालत में बिस्तर पर पड़ी थी। बेटा बगल के कमरे में सो रहा था। वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डायमंड हार्बर पुलिस जिला के उच्च अधिकारी ने यह कहा
डायमंड हार्बर पुलिस के महेशतल्ला एसडीपीओ सैयद रेजाउल कबीर ने कहा कि अभियुक्त यानी मृतका के बेटे संजय घोष को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। जहां पर न्यायाधीश ने अभियुक्त की जमानत याचिका को खारिज कर 14 दिनों की जेल हिरासत में भेज दिया। प्रांरभिक जांच के अनुसार पता चला है कि आग लगने से वृद्धा के शरीर का अधिकांश जलने से मौत हुई हैं। महेशतल्ला थाने की पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर घटना की जांच में जुट गई है।