युवक को घायल कर तीन लाख की लूट

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

हुगली : बैंक से रुपये निकालकर स्कूटी से लौट रहे एक युवक पर हमला कर तीन लाख रुपये लूटने की घटना सामने आई है। यह घटना पांडुआ के सराई गांव के पास हुई। घायल युवक का नाम सोमनाथ बाउलदास (21) है। वह पांडुआ थाना क्षेत्र के जामग्राम मंडलाई ग्राम पंचायत के वोटग्राम इलाके का निवासी है। परिवार और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब दो बजे सोमनाथ पांडुआ के कालना मोड़ स्थित एक राष्ट्रीयकृत बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर स्कूटी से घर लौट रहा था। बताया गया कि कुछ दिनों बाद उसके घर में हरिनाम संकीर्तन का आयोजन होना है। इस अवसर पर नर-नारायण सेवा भी आयोजित की जानी है। हर वर्ष परिवार की ओर से यह कार्यक्रम किया जाता है, जिसके लिए वह बैंक से रुपये लेकर आ रहा था। इसी दौरान सराई गांव में प्रवेश करते ही सुनसान सड़क पर दो बाइकों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसके सिर के पीछे जोरदार वार किया और चाकू से उसके हाथ पर भी हमला किया। हमले के बाद सोमनाथ स्कूटी समेत सड़क किनारे गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसकी स्कूटी की डिक्की में रखे तीन लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे घायल अवस्था में पांडुआ ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पांडुआ थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in