छिनताई का विरोध किया तो युवक पर चाकू से हमला

करया थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : करया थाना इलाके में छिनताई का विरोध करने पर एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया। हमले में पीड़ित व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम मोहम्मद फैयाज है। अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 4 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह घटना गत गुरुवार को करया थाना क्षेत्र की है। आरोपी मोहम्मद फैयाज एक व्यक्ति से मोबाइल व अन्य सामान छीनने की कोशिश कर रहा था। पीड़ित द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसके सिर के पीछे धारदार चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ और गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी को स्थानीय लोगों व पुलिस की सतर्कता से दबोच लिया गया। शनिवार को पुलिस ने आरोपी मोहम्मद फैयाज को अलीपुर अदालत में पेश किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकारी वकील विकास दास ने अदालत में पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि इस घटना के पीछे मुख्य मकसद क्या था और इस आपराधिक गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाना बेहद जरूरी है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी से गहन पूछताछ के लिए उसे 4 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े आपराधिक गिरोह का हिस्सा तो नहीं है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in