

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : गरियाहाट थाना इलाके में एक छह महीने के बच्चे के कथित अपहरण किए जाने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर बच्चे को सकुशल बरामद किया। मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम वंदना राय, मधु शेख और मिथुन पासवान है। मिथुन पासवान पेशे से टैक्सी ड्राइवर है। पुलिस तीनों अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारी इस पहलू की भी जांच कर रहे हैं कि कहीं इस घटना का संबंध किसी बाल तस्करी गिरोह से तो नहीं है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि गिरफ्तार दोनों महिलाएं कथित तौर पर निःसंतान हैं। ऐसे में क्या बच्चे को इसी वजह से अगवा किया गया था, इसकी भी जांच की जा रही है। वहीं, घटना में टैक्सी ड्राइवर की भूमिका को लेकर भी पुलिस की जांच जारी है।
गरियाहाट फ्लाईओवर के नीचे से गायब हुआ बच्चा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बच्चे के पिता मजदूरी का काम करते हैं और परिवार गरियाहाट फ्लाईओवर के नीचे रहता है। रविवार की सुबह बच्चे को वहीं छोड़कर उसके माता-पिता कुछ समय के लिए आसपास गए थे। कुछ देर बाद जब वे लौटे तो बच्चा वहां नहीं मिला। इसके बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने आसपास के इलाकों में बच्चे की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो स्थानीय लोगों को जानकारी मिली कि कुछ लोग एक टैक्सी से आए थे और बच्चे को अपने साथ ले गए। इसके बाद बच्चे के माता-पिता ने पुलिस से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी।
60 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
मामले की जांच में पुलिस ने गरियाहाट फ्लाईओवर और आसपास के इलाकों में लगे करीब 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कई घंटे तक फुटेज की जांच के बाद पुलिस को एक पीले रंग की टैक्सी संदिग्ध नजर आई। जांच में पाया गया कि संदिग्ध टैक्सी ईएम बाइपास होते हुए जयनगर की ओर बढ़ी थी। इसके बाद पुलिस ने जयनगर पुलिस से संपर्क किया। जांच में पता चला कि टैक्सी जयनगर के बकुलतल्ला इलाके जैसे एक अपेक्षाकृत सुनसान इलाके में दो महिलाओं को लेकर पहुंची थी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम जयनगर पहुंची। देर रात पुलिस ने अभियुक्तों के घर को घेर लिया और वहां से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे को भी बरामद किया।