

कोलकाता : न्यू मार्केट स्थित ''होटल शिखा इन'' में हुए लगी भीषण आग के मामले में लालबाजार की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने घटना के 90 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी है। गुरुवार दोपहर बैंकशाल कोर्ट में लालबाजार के जासूसों ने तीन आरोपियों— बीरेश्वर मित्रा, अबू जाफर और अबू की पत्नी सबा जाफर के खिलाफ यह आरोप पत्र पेश किया। गौरतलब है कि बीते 19 अगस्त को तड़के न्यू मार्केट इलाके के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित इस होटल की तीसरी मंजिल पर आग लगने से सात बांग्लादेशी नागरिकों सहित कुल नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल था। लगभग 350 पन्नों की इस विस्तृत चार्जशीट में हादसे की भयावहता को उजागर किया गया है, जिसमें 90 गवाहों के बयान और फॉरेंसिक रिपोर्ट भी संलग्न की गई है। आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या, गैर-इरादतन हत्या का प्रयास, लोगों की जान जोखिम में डालने और आपराधिक साजिश रचने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
अवैध निर्माण और बिजली का ओवरलोड बना हादसे का कारण
लालबाजार सूत्रों के अनुसार, चार्जशीट में इस बात का उल्लेख है कि होटल के कमरों को तोड़कर छोटा किया गया था और लगभग हर कमरे में एसी लगाए गए थे। बिना किसी नियम का पालन किए इतने अधिक एसी लगाने के कारण बिजली का ओवरलोड हो गया। इसी वजह से इलेक्ट्रिक बोर्ड में आग लगी, जो देखते ही देखते पूरे कमरों में फैल गई। जांच में यह भी सामने आया है कि एक रिहायशी इमारत को अवैध रूप से होटल में तब्दील किया गया था। इसके लिए नगर निगम और दमकल विभाग में आवेदन तो किया गया था, लेकिन कोई अनुमति नहीं मिली थी। बिना किसी वैध लाइसेंस के ही होटल का संचालन किया जा रहा था।
पत्नी के नाम पर था होटल का लीज
पुलिस जांच के मुताबिक, इस होटल के मूल मालिक बीरेश्वर मित्रा हैं। जोड़ासांको के व्यवसायी अबू जाफर ने उनसे 40 हजार रुपये प्रति माह की दर पर होटल लीज पर लिया था। पुलिस ने बताया कि यह लीज अबू की पत्नी सबा जाफर के नाम पर लिया गया था।