साइबर ठगों को सप्लाई करते थे प्रीएक्टिवेटेड सिम कार्ड, दो गिरफ्तार

साइबर ठगों को सप्लाई करते थे प्रीएक्टिवेटेड सिम कार्ड, दो गिरफ्तार
Published on

कोलकाता : बिहार और झारखंड सहित विभिन्न जगहों के साइबर ठगों को प्रीएक्टिवेटेड सिम कार्ड बेचने वाले गिरोह का कोलकाता पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोलकाता पुलिस के साइबर क्राइम थाने के अधिकारियों ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम शुभेंदु गायन (31) और नीरज कुमार साहनी (25) बताये गये हैं। दोनों में शुभेंदु को तिलजला थाना क्षेत्र में स्थित पिकनिक गार्डेन रोड एवं नीरज को बहूबाजार में लेनिन सरणी से पकड़ा गया है। अभियुक्तों के कब्जे से कुल 620 प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड एवं एक मोबाइल फोन के साथ बिना एक्टिव 55 सिम कार्ड के अलावा पीओएस मशीन एवं अन्य कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किये गये हैं। पुलिस के अनुसार इसके पहले इस गिरोह के कुछ अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। उनसे पूछताछ के बाद ही इन दोनों के नाम का पता चला। इसके बाद से साइबर क्राइम थाने की पुलिस को इन दोनों की तलाश थी। गुप्त जानकारी के आधार पर सोमवार रात को छापामारी कर गिरोह के इन दोनों सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस इनसे सिमकार्ड खरीदनेवाले लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in