

कोलकाता : सीएम शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्हें दिल्ली जाकर राजनीति करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में तृणमूल सुप्रीमो के लिए कोई राजनीतिक जमीन नहीं बची है। शुक्रवार को दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर स्थित न्यू इंडियन मैदान में आयोजित जनसभा में शुभेंदु ने दावा किया कि आगामी नगर निकाय चुनावों में भी कमल खिलेगा। ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ''अगर उनमें दम है तो चुनाव लड़ें, मैं उन्हें फिर हरा दूंगा।'' दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन ''इंडिया'' की प्रस्तावित रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज कसा, ''आप रामलीला मैदान जाइए, पश्चिम बंगाल में अब कुछ नहीं होने वाला हैै।''
अभिषेक बनर्जी को चुनौती देते हुए शुभेंदु ने कहा, ''अभिषेक, चुनाव लड़कर देखो, मैं हरा दूंगा। जितने वोटों से जीते हो, उससे एक वोट ज्यादा के अंतर से भी हराऊंगा।'' उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि बड़ा चोर कब जेल जाएगा। दरअसल, गुरुवार को अभिषेक बनर्जी ने राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाते हुए कहा था कि ईडी, सीबीआई, कोलकाता पुलिस और राज्य पुलिस समेत विभिन्न एजेंसियों को उनके खिलाफ लगाया गया है। उन्होंने दावा किया था कि उनके खिलाफ 30 मामले दर्ज हैं और उनके निजी सहायक को झूठे मामले में फंसाकर करीब ढाई महीने तक हिरासत में रखा गया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह दबाव में आने वाले नहीं हैं। बारुईपुर की सभा में शुभेंदु ने वामपंथी दलों और ''कॉकरोच पार्टी'' के नेताओं एवं समर्थकों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, ''बारुईपुर में कॉकरोच और खटमलों का प्रकोप बढ़ गया है। इसलिए यहां सभा करने की जरूरत पड़ी।'' वहीं, चुनाव बाद हिंसा और जमीन पर कब्जे के मुद्दे पर भी उन्होंने कुछ नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।