

कोलकाता : मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में प्रस्तावित बाबरी मस्जिद के निर्माण को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। इस मस्जिद की नींव पिछले साल 6 दिसंबर को रखी गई थी, जिसे लेकर हुमायूं कबीर लगातार आम लोगों से चंदा जुटा रहे हैं। ऑनलाइन माध्यम से भी आर्थिक सहायता ली जा रही है। इसी मुद्दे पर विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मंगलवार को उन्होंने आरोप लगाया कि बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए कुल चंदे का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा बांग्लादेश से आया है। शुभेंदु ने यह भी दावा किया कि मस्जिद की नींव रखने से पहले हुमायूं कबीर सात दिनों तक बांग्लादेश में थे। हालांकि, इन आरोपों पर हुमायूं कबीर की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मस्जिद की नींव रखने के दौरान वहां रखे गए दान-पेटियों की गिनती लाइव वीडियो के जरिए दिखाई गई थी और ऑनलाइन डोनेशन का भी खुलासा किया गया था। गौरतलब है कि हुमायूं कबीर ने हाल ही में “जनता उन्नयन पार्टी” नाम से एक नई राजनीतिक पार्टी भी बनाई है, जिसे लेकर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच एक-दूसरे पर साजिश के आरोप लग रहे हैं।