

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए हुगली ग्रामीण पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. कुंवर भूषण सिंह ने बताया कि शनिवार से शुरू हो चुके मेले की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है ताकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके। प्रत्येक तीर्थयात्री को एक गाइड मैप दिया जाएगा, जिसमें पेयजल, शौचालय और चिकित्सा केंद्रों की जानकारी होगी। शनिवार, रविवार और सोमवार को अधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए इन दिनों अतिरिक्त सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की गई है। ए
एक करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
14 घाटों पर विशेष व्यवस्था चांपदानी के भाजपा विधायक दिलीप सिंह ने बताया कि तारकेश्वर जाने वाले तीर्थयात्रियों से लिया जाने वाला 10 रुपये का तीर्थयात्रा शुल्क समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं में सुधार के कारण इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालु शेवड़ाफुली, वैद्यवाटी के निमाई तीर्थ घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल तारकेश्वर पहुंचेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा, पेयजल और चिकित्सा सेवाओं को प्राथमिकता दी है। शेवड़ाफुली से तारकेश्वर तक 40 किलोमीटर मार्ग पर प्रत्येक पांच किलोमीटर पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। 24 घंटे चिकित्सा सेवा, निःशुल्क एंबुलेंस और गंगा में वाटर एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। श्रीरामपुर के पियारपुर स्थित मणिकमल अस्पताल को विशेष रूप से तैयार किया गया है। 14 गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। यदि मौसम अनुकूल रहा तो सोमवार को शेवड़ाफुली से तारकेश्वर मार्ग पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। वहीं, तारकेश्वर की सड़कों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है और दूधपुकुर पर लाइट एंड साउंड शो भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।