

कोलकाता : महानगर में एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आई है। शनिवार देर रात करया थानांतर्गत ब्रॉड स्ट्रीट इलाके में एक चाय की दुकान पर हुए विवाद को लेकर फायरिंग का आरोप लगाया गया है। हालांकि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। पुलिस ने हथियार के साथ अभियुक्त युवक फरीद को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस इस बात को लेकर अभी संशय में है कि वास्तव में गोली चलाई गई थी या नहीं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हंगामे के दौरान आरोपित युवक हथियार निकालकर लोगों को डराने लगा था। उसने गोली चलाई या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात करीब पौने दो बजे की है। उस समय पार्क सर्कस इलाके की एक चाय की दुकान पर फरीद नामक युवक चाय पीने पहुंचा था। वहां पहले से ही कलीमुद्दीन नामक एक अन्य युवक मौजूद था। चाय पीने के दौरान ही दोनों के बीच मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई।
कलीमुद्दीन ने पुलिस को बताया कि मामूली विवाद के बावजूद फरीद उसे लगातार धमकाने लगा। उसने फरीद को शांत रहने की चेतावनी दी, लेकिन इसी दौरान फरीद ने अपनी जेब से पिस्तौल निकाल ली। आरोप है कि पहले उसने पिस्तौल दिखाकर कलीमुद्दीन को डराया और फिर दो राउंड फायर कर दिया। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी।
फायरिंग की आवाज सुनकर कलीमुद्दीन चिल्ला उठा, जिससे चाय की दुकान के कर्मचारी और अन्य ग्राहक सतर्क हो गए। स्थिति बिगड़ती देख फरीद भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उससे पहले ही लोगों ने उसे पकड़ लिया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कड़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के पास से एक देसी ‘मूंगरी’ पिस्तौल और दो राउंड कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, फरीद के खिलाफ पहले से भी कई शिकायतें दर्ज हैं। उससे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। साथ ही पार्क सर्कस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।