कोलकाता में जिम के मालिक को लक्ष्य कर फायरिंग

रेनकोट और हेलमेट पहनकर पहुंचे थे शूटर, चारू मार्केट थाना इलाके की घटना
रविवार की दोपहर इसी जिम के अंदर की गयी थी फायरिंग
रविवार की दोपहर इसी जिम के अंदर की गयी थी फायरिंग
Published on

कोलकाता : महालय की सुबह महानगर में एक जिम के अंदर अज्ञात अपराधियों ने घुसकर रियल इस्टेट कारोबारी को लक्ष्य कर फायरिंग की। घटना चारू मार्केट थाना अंतर्गत देशप्राण शाशमल रोड स्थित जिम की है। । घटना के बाद सभी हमलावर वहां से फरार हो गये। आरोप है कि अपराधी रेनकोट और हेलमेट पहनकर वहां पहुंचे थे। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12:20 बजे, जिम के मालिक जॉय कामधार अन्य लोगों के साथ जिम के अंदर वर्कआउट कर रहे थे। आरोप है कि उसी समय रेनकोट और हेलमेट पहनकर दो युवक जिम के अंदर दाखिल हुए और रिसेप्शन पर बैठे कर्मचारी से जिम मालिक के बारे में पूछताछ करने लगे।

जब रिसेप्शनिस्ट ने बताया कि मालिक अंदर हैं, तो दोनों युवकों ने कहा कि वे उनसे मिलना चाहते हैं। इस पर रिसेप्शनिस्ट ने जॉय कामधार को बुलाया। जैसे ही जॉय रिसेप्शन की ओर बढ़े, तभी दोनों हमलावरों ने दो राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि गोलियां उन्हें नहीं लगीं और वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद हमलावर नीचे भागे और दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर टॉलीगंज फाड़ी की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से दो गोलियों के खोल बरामद किए गए हैं। जॉय कामधार के छोटे भाई तुषार कामधार ने बताया कि उनके भाई को लेकर कोई धमकी भरा फोन या मैसेज नहीं आया था। यह हमला अचानक हुआ। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना गंभीर है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस को शक है कि हमलावरों का निशाना सीधे जॉय कामधार ही थे, लेकिन दोनों गोलियां लक्ष्य से चूक गईं।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in