फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
शेक्सपियर सरणी में सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एक और गिरफ्तार
अदालत से मिली जमानत
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
शेक्सपियर सरणी इलाके में एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान के कार्यालय से होर्डिंग हटाने गए सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने और हंगामा करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये आरोपी का नाम शेख सद्दाम बताया गया है, जिसे पुलिस ने वाटगंज इलाके से दबोचा। बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को कोलकाता की बैंकशाल अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद आरोपी शेख सद्दाम को 1,000 रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी।
मामले में अब तक 14 गिरफ्तारियां
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरकारी कर्मचारियों द्वारा अवैध होर्डिंग्स हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने मिलकर पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों के काम में बाधा डाली थी। इस सिलसिले में कार्रवाई करते हुए पुलिस पहले ही 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। शेख सद्दाम की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या 14 हो गई है।

