सत्ता बदलते ही शौकत की सुरक्षा हटायी गयी

एक समय जेड श्रेणी की सुरक्षा में रहा करते थे शौकत
तृणमूल नेता शौकत मोल्ला
तृणमूल नेता शौकत मोल्ला
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : चुनाव में हार के बाद कई तृणमूल नेताओं की जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। कोई भूमिगत हो गया है, तो कोई पार्टी के खिलाफ खुलकर नाराजगी जता रहा है। यहां तक कि कभी दबदबा रखने वाले तृणमूल नेता भी अब घरों में दुबक गए हैं। एक-एक कर उनकी सुरक्षा व्यवस्था भी हटाई जा रही है। अब कैनिंग पूर्व विधानसभा के प्रभावशाली नेता शौकत मोल्ला से भी सभी सुरक्षा कर्मी वापस ले लिए गए हैं। 2026 के चुनाव में वह भांगड़ से उम्मीदवार थे। आईएसएफ के नौशाद सिद्दीकी से हारने के बाद से शौकत सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आये। नयी सरकार बनने के बाद उनकी पूरी सुरक्षा हटा ली गई। करीबी सूत्रों के अनुसार, इससे वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

जेड श्रेणी की सुरक्षा में रहते थे शौकत

एक समय शौकत भांगड़ के दिवंगत सीपीएम नेता और वाम शासनकाल में मंत्री रहे अब्दुर रज्जाक मोल्ला के शिष्य रहे। 2011 में राज्य में तृणमूल सरकार बनने के बाद उन्होंने ममता बनर्जी की पार्टी जॉइन की। इसके बाद से ही शौकत कई स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था के बीच रहने लगे। समय के साथ उनकी सुरक्षा लगातार बढ़ती गई। एक ओर पार्टी में उनकी जिम्मेदारियां बढ़ीं, तो दूसरी ओर उनकी सुरक्षा का दायरा भी बढ़ता गया। बाद में उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी। कोलकाता पुलिस और जिला पुलिस की दो पायलट गाड़ियां उनके लिए तैनात थीं। साथ ही 24 सशस्त्र सुरक्षा कर्मी भी मौजूद थे। बुधवार की रात उनकी सुरक्षा हटा ली गई।

ममता के बयान पर हुई थी राजनीतिक चर्चा

गौरतलब है कि चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भांगड़ की एक सभा में कहा था, “शौकत की सुरक्षा हटाने की कोशिश की जा रही है। अगर उनकी सुरक्षा वापस ली गई, तो मैं अपने सुरक्षा कर्मी देकर उनकी रक्षा करूंगी।” इस बयान को लेकर चुनावी राजनीति में काफी चर्चा भी हुई थी। लेकिन भांगड़ से चुनाव हारने के बाद नई सरकार के सत्ता में आते ही शौकत मोल्ला की पूरी सुरक्षा हटा दी गई।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in