फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रही बांग्लादेशी अभिनेत्री शांता पाल पर चार्जशीट दाखिल

अभिनेत्री के फर्जी दस्तावेज बनाने वालों के खिलाफ भी चार्जशीट पेश
शांता पाल का फाइल फोटो
शांता पाल का फाइल फोटोशांता पाल का फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : कोलकाता पुलिस के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने फर्जी पासपोर्ट और जाली दस्तावेजों के जरिए भारत में अवैध रूप से रहने के मामले में गिरफ्तार बांग्लादेशी अभिनेत्री शांता पाल और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह चार्जशीट गुरुवार को कोलकाता के बैंकशाल अदालत में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अतनु मंडल की अदालत में पेश की गई।

चार्जशीट में कुल चार पन्नों में विस्तृत रूप से आरोपितों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी, विदेशी नागरिक कानून तथा आव्रजन कानून के उल्लंघन के आरोप शामिल किए गए हैं। सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने बताया कि इन सभी धाराओं के तहत तीनों आरोपियों पर मुकदमा चलेगा।

अभिनेत्री के दो साथी भी पकड़े गये थे

गौरतलब है कि इस साल जुलाई महीने में कोलकाता पुलिस की डिटेक्टिव ब्रांच ने शांता पाल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दो अन्य आरोपियों – सौमिक दत्ता और शेख मुमताजुद्दीन – के नाम सामने आए, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। इन पर आरोप है कि इन्होंने मिलकर फर्जी दस्तावेजों की मदद से न केवल भारत में अवैध रूप से प्रवेश किया, बल्कि यहां पर कई संदिग्ध गतिविधियों में भी संलिप्त रहे।

पुलिस जांच में इनके पास से कई जाली पासपोर्ट, पहचान पत्र और अन्य सरकारी दस्तावेज बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त था और फर्जी दस्तावेजों के जरिए कई विदेशी नागरिकों को भारत में घुसाने का काम करता था। यहां उल्लेखनीय है कि बांग्लादेशी अभिनेत्री ने भारत के एक युवक से डिजिटल शादी की थी। वह उक्त युवक के साथ मिलकर कोलकाता में व्यवसाय कर रही थी। वह संपत्ति भी खरीदनेवाली थी।

फिलहाल पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की जांच में जुटी हुई है। मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in