टीएमसी सांसद के अभिनय को देखने पहुंचे शमीक

कहा, “अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता कलाकार का अधिकार है”
शमीक भट्टाचार्य
शमीक भट्टाचार्य
Published on

कोलकाता: महानगर के अकादमी ऑफ फाइन आर्ट्स में उस समय दिलचस्प नजारा देखने को मिला जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य एक थिएटर प्रदर्शन देखने पहुंचे। ‘आ-शक्ति’ नामक यह नाटक मशहूर कवि शक्ति चट्टोपाध्याय के जीवन पर आधारित था, जिसमें बैरकपुर के तृणमूल सांसद पार्थ भौमिक ने भी अभिनय किया। शमीक भट्टाचार्य इस नाटक को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए।

नाटक देखने के बाद शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि किसी भी राजनीतिक व्यक्ति या सरकार को कलाकार की अभिव्यक्ति को “खत्म” करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नाटक, कविता और साहित्य में सरकार की आलोचना करना लोकतांत्रिक अधिकार है और यदि इसे रोका गया तो यह संस्कृति के लिए खतरा होगा।

भट्टाचार्य ने कहा कि वह लंबे समय बाद थिएटर देखने आए हैं और कला जगत के प्रति उनकी गहरी रुचि है। उन्होंने यह भी कहा कि थिएटर और फिल्म निर्माण के लिए सभी कलाकारों को समान अवसर मिलना चाहिए और किसी भी तरह की “दादागिरी” या एकाधिकार की संस्कृति स्वीकार्य नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अभिनेता-सांसद पार्थ भौमिक की अभिनय क्षमता की भी सराहना की और कहा कि वे उन्हें नेता के रूप में नहीं, बल्कि लंबे समय से एक कलाकार के रूप में जानते हैं। यह घटना राजनीतिक मतभेदों के बीच कला और संस्कृति को लेकर एक अलग संदेश देती नजर आई, जहां मंच पर सत्ता और विपक्ष दोनों के प्रतिनिधि एक साथ कला का आनंद लेते दिखाई दिए।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in