

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में भाजपा के राज्य अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और सत्ता में आने पर कई बड़े वादों की घोषणा की। शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि 2 मार्च को दक्षिण 24 परगना के रायदीघी से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट घोषणा की है कि भाजपा सरकार बनने पर अगले 45 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने कई सरकारी पदों को समाप्त कर दिया है, जिन्हें भाजपा सरकार बनने के बाद 60 दिनों के भीतर भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नियुक्तियां पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर होंगी। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि राज्य सरकार की परीक्षाओं में बैठने की आयु सीमा को पांच वर्ष तक बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को अवसर मिल सके। साथ ही उन्होंने अवैध घुसपैठ के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें देश की सीमा से बाहर भेजा जाएगा। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में केंद्रीय बलों की आवाजाही चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि लोकतंत्र की पुनर्स्थापना की जिम्मेदारी कौन लेगा और क्यों बंगाल की छवि पूरे देश में धूमिल हो रही है। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस योजनाबद्ध तरीके से भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले कर रही है। भीमपुर और कोलकाता के 97, 98 और 99 नंबर वार्ड सहित कई जगहों पर हमलों का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि 99 नंबर वार्ड की उम्मीदवार तानिया दास और उनके पुत्र तनय दास पर भी हमला हुआ। इसके अलावा गौरव कुंडू, सुगत कुंडू, अधिवक्ता चंदन साहा और सीएम फ्रांसिस सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाए जाने का आरोप उन्होंने लगाया।
आज से 9 स्थानों से परिवर्तन यात्रा की होगी शुरुआत
परिवर्तन यात्रा को लेकर भट्टाचार्य ने कहा कि आज से राज्य के नौ स्थानों से यात्रा शुरू होगी, जबकि ग्रेटर कोलकाता के 29 केंद्रों पर टैब्लो निकाले जाएंगे। साथ ही उन्होंने तृणमूल द्वारा किए जा रहे धार्मिक ध्रुवीकरण को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि तृणमूल धार्मिक ध्रुवीकरण की सभी सीमाएं पार कर रही है। हम सभी से अपील करते हैं कि किसी भी प्रकार की विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा न दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि तृणमूल कांग्रेस जा चुकी है और जा रही है। विभिन्न सरकारी अधिकारी और पुलिस अधिकारी जो थानों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं, उन्हें कुछ महीनों बाद भाजपा सरकार के साथ ही काम करना होगा। इसलिए वे यह सोचकर अपना काम करें।