सेवाश्रय विवाद: पैइलान रिसॉर्ट कब्जा मामले में अभिषेक समेत तीन के खिलाफ एफआईआर

सांसद अभिषेक बनर्जी
सांसद अभिषेक बनर्जी
Published on

कोलकाता: डायमंड हार्बर में शुरू की गई स्वास्थ्य सेवा पहल 'सेवाश्रय' अब विवादों में घिर गई है। आरोप है कि कार्यक्रम के संचालन के दौरान पैइलान स्थित एक निजी रिसॉर्ट का बिना भुगतान किए उपयोग किया गया। रिसॉर्ट प्रबंधन की शिकायत के आधार पर डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी, विष्णुपुर से तृणमूल विधायक दिलीप मंडल और अभिषेक बनर्जी के पूर्व निजी सहायक (पीए) सुमित राय के खिलाफ विष्णुपुर थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है। रिसॉर्ट प्रबंधन का आरोप है कि 'सेवाश्रय' और 'सेवाश्रय-2' कार्यक्रमों के दौरान लगभग 110 से 120 डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के ठहरने, भोजन और आवागमन की व्यवस्था उनके रिसॉर्ट में की गई। इसके लिए करीब 40 दिनों तक रिसॉर्ट के सभी कमरे कार्यक्रम के लिए आरक्षित रखे गए, लेकिन अब तक किराया और अन्य बकाया भुगतान नहीं किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बकाया राशि की मांग करने पर रिसॉर्ट प्रबंधन को लगातार धमकियां दी गईं। मामले को गंभीर मानते हुए विष्णुपुर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in