

कोलकाता: केएमसी की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत टाउन हॉल में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा भावना, मानसिक एकाग्रता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर केएमसी की कमिश्नर स्मिता पांडेय सहित निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान योग और मेडिटेशन का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योगाभ्यास और ध्यान के माध्यम से तनाव कम करने, मानसिक शांति बनाए रखने तथा कार्यक्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि जनसेवा से जुड़े कार्यों में मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। नियमित योग और ध्यान से जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा को केवल दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रति योगदान और जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन सेवा भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।