सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान मजदूर की मौत

सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान मजदूर की मौत
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : सेप्टिक टैंक की सफाई करने के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान जयदेव हलदर (45) के रूप में हुई है। वह जयनगर थाना क्षेत्र के निवासी बताया जा रहा है। यह घटना कुलतली में घटी है। परिवार के सूत्रों के अनुसार शनिवार सुबह कुलतली के केला अंबिकानगर इलाके में स्थित एक सामुदायिक शौचालय के सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए जयदेव को फोन कर बुलाया गया था। तय समय पर वह वहां पहुंचे और बाजार कमेटी के कुछ सदस्यों से बात करने के बाद काम में जुट गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक काम शुरू करने के कुछ ही देर बाद अचानक एक आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद लोग तुरंत वहां पहुंचे और उन्हें आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सेप्टिक टैंक की दीवार तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जयदेव पहले सेप्टिक टैंक का ढक्कन खोलकर सीढ़ी के सहारे अंदर उतरे थे। नीचे उतरने से पहले उन्होंने यह भी देखा था कि अंदर कचरा और गंदगी कितनी गहरी है। लेकिन नीचे उतरने के बाद काफी देर तक उनकी कोई आवाज नहीं आई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय लोगों ने टैंक की दीवार तोड़कर उन्हें बाहर निकाला, हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उन्हें तुरंत जयनगर–कुलतली ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं यह सवाल भी उठ रहा है कि ऐसे खतरनाक काम के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी या नहीं।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in