जादवपुर विश्वविद्यालय में बढ़ेगी सुरक्षा

पूर्व सैनिकों की तैनाती की तैयारी
Kolkata
JU की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
Published on

कोलकाता : जादवपुर विश्वविद्यालय (JU) में हालिया हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की जा रही है। विश्वविद्यालय के कुलपति चिरंजीब भट्टाचार्य ने परिसर में अतिरिक्त पूर्व सैनिकों की नियुक्ति और उन्हें बॉडी कैमरा उपलब्ध कराने की योजना की जानकारी दी है।

30 से बढ़ाकर 50-60 करने की योजना

कुलपति के अनुसार, फिलहाल विश्वविद्यालय में 30 पूर्व सैनिक सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं। इनकी संख्या बढ़ाकर 50 से 60 करने की योजना है। इन्हें विश्वविद्यालय के विभिन्न गेटों और परिसर के अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों में तैनात किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार से अतिरिक्त फंड की मांग भी की जाएगी।

बॉडी कैमरों से निगरानी पर जोर

कुलपति ने बताया कि पूर्व सैनिकों को बॉडी कैमरा देने पर भी विचार किया जा रहा है। इससे सुरक्षा कर्मियों की गतिविधियों की निगरानी और घटनाओं की रिकॉर्डिंग में मदद मिल सकती है। दिसंबर 2025 में JU ने 30 पूर्व सैनिकों और दो सुपरवाइजरों को नियुक्त किया था। विश्वविद्यालय में पहले से 29 और 50 अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए जा चुके हैं।

JU में करीब 55 सुरक्षा गार्ड भी हैं। विश्वविद्यालय शिक्षक संगठन से जुड़े सदस्य ने कहा कि परिसर के बड़े क्षेत्र और हॉस्टलों को देखते हुए मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों के करीब 40 फीसदी रिक्त पद भरने और बाहरी लोगों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने की जरूरत बताई।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in