स्वतंत्रता दिवस : रेड रोड पर अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था

रेड रोड पर 1500 पुलिस कर्मियों की होगी तैनाती
गुरुवार को रेड रोड पर प्रैक्टिस करते कोलकाता पुलिस के डेयरडेविल्स
गुरुवार को रेड रोड पर प्रैक्टिस करते कोलकाता पुलिस के डेयरडेविल्स
Published on

पुलिस को सख्त निर्देश-मोबाइल नहीं, हर संदिग्ध पर रखें नजर

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रेड रोड पर होने वाले मुख्य समारोह को लेकर कोलकाता पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है। लालबाजार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को साफ निर्देश दिया है कि वे दर्शक नहीं, ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी की भूमिका में रहें। मोबाइल फोन चलाने, सेल्फी लेने या परेड की तस्वीरें-वीडियो बनाने में व्यस्त रहने के बजाय आसपास की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने को कहा गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री शनिवार को रेड रोड पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराएंगे। कार्यक्रम में कई वीवीआईपी और वीआईपी भी मौजूद रहेंगे। हाल के दिनों में कोलकाता के बाहरी इलाकों से आतंकवादी संगठनों से जुड़े लोगों और पाकिस्तानी एजेंटों की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर बेहद सतर्क हैं।

मोबाइल चलाया तो ड्यूटी में मानी जाएगी लापरवाही

लालबाजार के अधिकारियों ने पुलिस स्टेशन और ट्रैफिक गार्ड के ओसी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के जरिए ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को निर्देश जारी किए हैं। पुलिसकर्मियों को कहा गया है कि वे मोबाइल फोन देखने, फोटो-वीडियो बनाने या सोशल मीडिया पर पोस्ट करने में व्यस्त न रहें। उनका पहला काम रेड रोड पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखना होगा।

मुख्यमंत्री के अगले कार्यक्रम तक रेड रोड पर नहीं उतर सकेंगे दर्शक

पुलिस को विशेष रूप से निर्देश दिया गया है कि मुख्यमंत्री के रेड रोड कार्यक्रम के बाद जब वे अगले माल्यार्पण कार्यक्रम के लिए रवाना हों, तब भी सुरक्षा में कोई ढील न दी जाए। पुलिस के मुताबिक पहले कई बार मुख्यमंत्री के मंच से उतरने के बाद दर्शक सड़कों पर आ जाते थे और इसी दौरान पुलिस निगरानी कमजोर पड़ जाती थी। इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम खत्म होने तक दर्शकों को रेड रोड पर उतरने की अनुमति नहीं होगी।

वॉच टॉवर, बंकर और CCTV से चौतरफा निगरानी

शुक्रवार रात से ही पूरे रेड रोड को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में लेने की तैयारी है। सुरक्षा के लिए 6 वॉच टावर और 11 बंकर तैयार किए जा रहे हैं। अतिरिक्त CCTV कैमरों से निगरानी होगी। पुलिस डॉग और बम स्क्वॉड रातभर रेड रोड की जांच करेंगे। सादा कपड़ों में पुलिसकर्मी दर्शकों के बीच तैनात रहेंगे। स्पेशल फोर्स और कमांडो भी सुरक्षा में लगाए जाएंगे।

रेड रोड को 15 सेक्टर में बांटा जाएगा

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रेड रोड को करीब 15 सेक्टरों में बांटा जा रहा है। हर सेक्टर की जिम्मेदारी डीसी रैंक के अधिकारी के पास होगी। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था की कमान एक एडिशनल पुलिस कमिश्नर, 6 ज्वाइंट कमिश्नर, 20 डीसी और 40 एसीपी स्तर के अधिकारियों के हाथों में रहेगी। रेड रोड पर करीब 1,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी, जबकि पूरे कोलकाता में करीब 3,000 अतिरिक्त पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

9 PCR वैन और 3 क्विक रिस्पॉन्स टीमें लगातार गश्त करेंगी

9 PCR वैन और 3 क्विक रिस्पॉन्स टीमें लगातार गश्त करेंगी। इसके अलावा शहर में 19 पुलिस पिकेट, मेट्रो स्टेशनों पर 25 पिकेट , बाजारों और शॉपिंग मॉल में 24 पिकेट, कालीघाट मंदिर समेत 7 धार्मिक स्थलों पर पुलिस की तैनाती की जाएगी। शहर की 23 प्रमुख सड़कों पर नाका चेकिंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस शहर के होटलों की भी जांच कर रही है। इसका मकसद यह पता लगाना है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले बाहर से कितने लोग कोलकाता आए हैं और कहां ठहरे हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संदिग्ध गतिविधि को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in