आज ब्रिगेड में शपथ ग्रहण समारोह, सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम

बैग, छाता और पानी की बोतल ले जाने पर रोक, 35 सेक्टरों में बांटा गया मैदान
pm cutout at red road
pm cutout at red road
Published on

कोलकाता : ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कोलकाता पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। लालबाजार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम स्थल के भीतर बैग, छाता और पानी की बोतल ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा एजेंसियों ने समारोह को लेकर बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ आने वाले लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बारिश की स्थिति में केवल रेनकोट पहनकर प्रवेश की अनुमति होगी। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मैदान के भीतर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

सघन जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश

कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश से पहले सभी लोगों की मेटल डिटेक्टर और शारीरिक जांच की जाएगी। सुरक्षा जांच के दायरे में वीआईपी मेहमान भी शामिल रहेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।

35 सेक्टरों में बंटा ब्रिगेड मैदान

कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंदा ने एसपीजी और केंद्रीय सुरक्षा बलों के अधिकारियों के साथ शुक्रवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे मैदान को 35 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी डिप्टी कमिश्नर और असिस्टेंट कमिश्नर स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। वहीं दो से तीन सेक्टरों को मिलाकर बनाए गए ब्लॉकों की निगरानी आईपीएस अधिकारी करेंगे।

ऊंची इमारतों पर तैनात रहेंगे सुरक्षाकर्मी

समारोह के दौरान आसपास की ऊंची इमारतों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षाकर्मी दूरबीन के जरिए हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखेंगे। मुख्य मंच और वीआईपी ब्लॉक की सुरक्षा में एसपीजी और केंद्रीय बलों की विशेष तैनाती रहेगी।

ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव

शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर शनिवार सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। विक्टोरिया मेमोरियल के आसपास एजेसी बोस रोड, हेस्टिंग्स क्रॉसिंग, कैथेड्रल रोड, खिदिरपुर रोड और क्वींस वे को नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। इसके अलावा धर्मतला, केपी रोड, हॉस्पिटल रोड और लवर्स लेन सहित कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।

बिना निमंत्रण कार्ड वाले भी देख सकेंगे समारोह

पुलिस के अनुसार जिन लोगों के पास निमंत्रण कार्ड नहीं है, उन्हें भी निर्धारित प्रवेश द्वार से सुरक्षा जांच के बाद समारोह स्थल में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से सहयोग करने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in