स्वतंत्रता दिवस पर कोलकाता में रेड रोड पर कड़ी सुरक्षा

13 जोन, 80 सेक्टरों में बंटा शहर, केंद्रीय बल भी तैनात
कोलकाता पुलिस की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में एडिशनल सीपी  दीप नारायण गोस्वामी और डीसी नॉर्थ सायक दास
कोलकाता पुलिस की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में एडिशनल सीपी दीप नारायण गोस्वामी और डीसी नॉर्थ सायक दास
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की राजधानी के साथ-साथ कोलकाता में भी सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। कोलकाता पुलिस के सूत्रों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरे शहर में 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए सभी आईपीएस अधिकारियों को अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लालबाजार से मिली जानकारी के अनुसार रेड रोड पर आयोजित मुख्य समारोह की सुरक्षा को 13 जोन में बांटा गया है, जिसे आगे 80 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन का नेतृत्व एक आईपीएस अधिकारी करेंगे। वर्तमान में कोलकाता में तैनात केंद्रीय बलों की 6 कंपनियों में से 4 कंपनियों को विशेष रूप से रेड रोड पर तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा, रेड रोड मंच के आसपास 12 वॉच टावर और कम से कम 6 बालू की बोरियों से बने सशस्त्र टॉवर तैयार किए गए हैं।

जासूसी मामलों के बाद विशेष सतर्कता

हाल ही में पाकिस्तानी जासूस होने के संदेह में वहाब आलम नामक युवक की गिरफ्तारी और उससे पहले हमीम मंडल, आदित्य सिंह और अर्पिता सरकार की धरपकड़ के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। गिरफ्तार वहाब के शहर के तपसिया इलाके में रहने की जानकारी सामने आने के बाद लालबाजार ने अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। शहर के विभिन्न होटलों, लॉज और गेस्ट हाउसों में जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आने-जाने वालों की सूचियों की पड़ताल कर रही है। जिन इलाकों में पहले नशीले पदार्थों की जब्ती का रिकॉर्ड रहा है, वहां विशेष तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सभी थानों को रात में प्रमुख चौराहों पर कम से कम दो घंटे की नाकेबंदी (नाका चेकिंग) करने का निर्देश दिया गया है। खुफिया विभाग को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।

परेड में 12 झांकियां, कई प्रमुख सड़कें रहेंगी बंद

रेड रोड पर आयोजित भव्य परेड में कुल 12 झांकियां (टैब्लो) शामिल होंगी। इनमें से एक झांकी गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग की होगी, जबकि कोलकाता ट्रैफिक पुलिस और पर्यटन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से एक विशेष झांकी प्रस्तुत की जाएगी। समारोह के मद्देनजर रेड रोड के आसपास की प्रमुख सड़कों—मेयो रोड, किंग्सवे, खिदिरपुर रोड और आउटराम रोड सहित कई अन्य मार्गों को यातायात के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in