एटीएम में नकदी से भरा बैग बदला और हो गया फरार

भवानीपुर थाना इलाके की घटना, सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : महानगर में एक सरकारी बैंक के एटीएम में जमा की जाने वाली नकदी से भरा बैग बदलकर लाखों रुपये चुराने के आरोप में पुलिस ने एक सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार किया है। घटना भवानीपुर थानांतर्गत टाउनशेंड रोड इलाके की है। अभियुक्त का नाम सच्चिदानंद मंडल है। बुधवार को उसे अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 7 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र के टाउनशेंड रोड स्थित एसबीआई कियोस्क एटीएम की है। यहां एक कैश एजेंसी का कर्मचारी नियमित रूप से एटीएम में नकदी भरने आता था। केरल के रहनेवाले व्यक्ति ने बताया कि वह रविवार को एटीएम में भीड़ कम होने के कारण नकद रुपये जमा करने के लिए पहुंचा था। आरोप है कि जब वह रुपये जमा कर रहा था तभी सिक्योरिटी गार्ड ने यहकर उसे बाहर निकाल दिया कि बैंक के लोग रुपये भरने के लिए पहुंचे हैं। थोड़ी देर बाद जब वह वापस एटीएम में दाखिल हुआ तो अपना बैग बदला हुआ पाया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया कि एक अज्ञात महिला एटीएम के भीतर दाखिल हुई और उसने असली बैग जैसा ही दिखने वाला एक दूसरा काले रंग का बैग वहां रख दिया। इसके तुरंत बाद सिक्योरिटी गार्ड असली बैग लेकर मौके से फरार हो गया, जिसमें 10.57 लाख रुपये नकद थे। जब कैशियर को बैग बदले जाने की भनक लगी, तो उसने एटीएम प्रबंधन को सूचित किया, जिसके बाद भवानीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

कर्ज चुकाने के लिए रची साजिश, 6 लाख रुपये बरामद

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान उसके कब्जे से 6 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उस पर भारी कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब शेष राशि की बरामदगी और इस साजिश में शामिल महिला व अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in