दिव्यांग लेखकों और कवियों को समर्पित ‘एर दिनेर ओन्यो बोई मेला’ का दूसरा संस्करण आयोजित

कोलकाता प्रेस क्लब में सजा समावेशी साहित्य का मंच, ब्रेल पुस्तकों के संग्रह ने खींचा ध्यान; रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3291 के सहयोग से एनआईपी एनजीओ की पहल
Kolkata
एर दिनेर ओन्यो बोई मेला
Published on: 

कोलकाता : साहित्य को शारीरिक और सामाजिक सीमाओं से मुक्त कर सभी के लिए समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एनआईपी एनजीओ (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल्स) की ओर से ‘एर दिनेर ओन्यो बोई मेला’ के दूसरे संस्करण का आयोजन किया गया। कोलकाता प्रेस क्लब में आयोजित इस विशेष पुस्तक मेले में दृष्टिबाधित और अन्य दिव्यांग लेखकों, साहित्यकारों तथा कवियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया।

रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3291 के सहयोग से आयोजित इस पुस्तक मेले का उद्घाटन रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3291 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तापस भट्टाचार्य, एनआईपी एनजीओ के सचिव देबज्योति रॉय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।

मेले का प्रमुख आकर्षण ब्रेल पुस्तकों का विशेष संग्रह रहा। इसके माध्यम से आयोजकों ने दृष्टिबाधित पाठकों के लिए साहित्य को अधिक सुलभ बनाने तथा समावेशी पठन संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस आयोजन में दिव्यांग रचनाकारों को अपनी पुस्तकों और साहित्यिक अभिव्यक्तियों के माध्यम से व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचने का अवसर मिला।

इस अवसर पर एनआईपी एनजीओ के सचिव देबज्योति रॉय ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग लेखकों और कवियों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप पहचान और सम्मान दिलाना है। साहित्य की कोई सीमा नहीं होती और रचनात्मक अभिव्यक्ति के अवसर भी किसी शारीरिक या मानसिक बाधा से सीमित नहीं होने चाहिए। पहले संस्करण को मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया ने इस आयोजन को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल अधिक से अधिक दिव्यांग व्यक्तियों को अपनी साहित्यिक प्रतिभा सामने लाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

उल्लेखनीय है कि एनआईपी एनजीओ दृष्टिबाधित एवं अन्य दिव्यांग व्यक्तियों के लिए शैक्षणिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में कार्यरत है। संस्था को 3 दिसंबर 2012 को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में जागरूकता शिविरों के साथ ऑल बंगाल शतरंज प्रतियोगिता और टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट जैसे आयोजन भी करती है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News