

कोलकाता : लोकसभा में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच तृणमूल कांग्रेस (कालीघाट गुट) ने अपने संसदीय नेतृत्व को नया स्वरूप दिया है। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के निर्देश पर वरिष्ठ सांसद एवं प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. सौगत रॉय को लोकसभा में तृणमूल संसदीय दल का नया उपनेता (डिप्टी लीडर) नियुक्त किया गया है।
पार्टी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी आधिकारिक घोषणा की। इससे पहले शताब्दी रॉय इस पद पर थीं। तृणमूल कांग्रेस ने अपने बयान में कहा कि प्रो. रॉय का व्यापक संसदीय अनुभव, गहन राजनीतिक समझ और लंबा प्रशासनिक अनुभव संसदीय दल को प्रभावी ढंग से नेतृत्व प्रदान करेगा।
पार्टी ने नई जिम्मेदारी के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संसदीय दल और अधिक सशक्त होगा।यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी लोकसभा के मौजूदा मानसून सत्र से निलंबित हैं। उन पर महिला सांसदों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी और असंसदीय भाषा के प्रयोग के आरोप लगे थे।
मामले में लोकसभा अध्यक्ष ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सौगत रॉय की नियुक्ति संसद के भीतर पार्टी की रणनीति को धार देने और अनुभवी नेतृत्व के जरिए संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।