राज्य सूचना आयोग से संचिता कुमार का इस्तीफा

दिल्ली रवाना होने से तेज हुईं सियासी अटकलें
संचिता कुमार
संचिता कुमार
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सूचना आयोग की सदस्य संचिता कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मंगलवार को उन्होंने राज्यपाल आर. एन. रवि को अपना त्यागपत्र भेज दिया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इस्तीफे के बाद बुधवार को वह दिल्ली रवाना हो गईं।

उनके पति, पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव कुमार इन दिनों संसद के मानसून सत्र के सिलसिले में राजधानी में मौजूद हैं। ऐसे में उनके दिल्ली दौरे ने राजनीतिक गलियारों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है।

उल्लेखनीय है कि तृणमूल सरकार के कार्यकाल में मार्च 2025 में तत्कालीन राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस की मंजूरी के बाद संचिता कुमार को राज्य सूचना आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया था। हालांकि, निर्धारित कार्यकाल पूरा होने से पहले ही करीब डेढ़ वर्ष के भीतर उन्होंने पद छोड़ दिया।

नवान्न के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों के एक वर्ग का मानना है कि सत्ता परिवर्तन के बाद यह इस्तीफा लगभग तय माना जा रहा था। उनका कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले राजीव कुमार की पत्नी के लिए नई सरकार के कार्यकाल में इस संवैधानिक पद पर बने रहना व्यावहारिक रूप से आसान नहीं था।

हालांकि, राजीव कुमार अब भी कालीघाट खेमे के साथ बने हुए हैं। ऐसे में संचिता कुमार के इस्तीफे और उनके दिल्ली रवाना होने से बंगाल की राजनीतिक हलचल के बीच कई नए सवाल खड़े हो गए हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in