

कोलकाता : रामानंद मिशन पश्चिम बंगाल एवं अग्रसेन धाम द्वारा 17 नवंबर 2026, मंगलवार को प्रातः 10 बजे से नेताजी इंडोर स्टेडियम, कोलकाता में ‘सनातन वाइब्स’ का आयोजन किया जा रहा है। भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता को समर्पित इस आयोजन में 5 लाख हनुमान चालीसा पाठ का लक्ष्य रखा गया है।
यह कार्यक्रम परम पूज्य जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज के पावन आह्वान पर लिए गए 11 करोड़ हनुमान चालीसा पाठ के महा-संकल्प को आगे बढ़ाने की पहल है। तुलसी पीठ के उत्तराधिकारी पूज्य आचार्य श्री रामचंद्र दास जी महाराज के मार्गदर्शन में श्रद्धालु सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर इस आध्यात्मिक संकल्प में अपना योगदान देंगे।
पश्चिम बंगाल के माननीय मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी जी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे और पूरे आयोजन के दौरान उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त फिल्म ‘हनुमानांश’ के कलाकार भी कार्यक्रम में शामिल होकर इस पावन अनुष्ठान में सहभागिता करेंगे।
‘सनातन वाइब्स’ का उद्देश्य सनातन संस्कृति के आध्यात्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाना और सामूहिक उपासना के माध्यम से समाज में सद्भाव, सेवा तथा एकता की भावना को सुदृढ़ करना है। आयोजन के माध्यम से युवाओं और परिवारों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों एवं भक्ति परंपराओं से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है।
हनुमान चालीसा में निहित भक्ति, साहस और समर्पण का संदेश इस आयोजन के केंद्र में रहेगा। सामूहिक पाठ श्रद्धालुओं को एक साथ प्रभु स्मरण करने और साझा आध्यात्मिक संकल्प में सहभागी बनने का अवसर प्रदान करेगा।