

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : इजरायल–अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच पश्चिम बंगाल के सागर विधानसभा क्षेत्र के सात लोग दुबई में फंस गए हैं। इस खबर से उनके परिवारों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। सभी लोग काम के सिलसिले में दुबई में रह रहे थे, लेकिन मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण उनकी वापसी को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है। फंसे हुए लोगों में दीपक चंद्र आचार्य (महेंद्रगंज, धसपाड़ा सुमतिनगर–I ग्राम पंचायत), देवशंकर दास (चक फूलदुबी, मुरीगंगा–II ग्राम पंचायत), ओमियो बेरा (चक फूलदुबी, मुरीगंगा–II ग्राम पंचायत), रमजान सैफुद्दीन (चक फूलदुबी, मुरीगंगा–II ग्राम पंचायत), साहेब खान (मंदिरतला, धसपाड़ा सुमतिनगर–I ग्राम पंचायत), शेख करीम (चक फूलदुबी, मुरीगंगा–II ग्राम पंचायत) और शेख सैफुद्दीन (चक फूलदुबी, मुरीगंगा–II ग्राम पंचायत) शामिल हैं। ये सभी सागर ब्लॉक के निवासी हैं और वर्तमान में दुबई में रह रहे हैं। परिजनों ने सागर ब्लॉक प्रशासन से अपील की है कि सरकार और प्रशासन के माध्यम से उन्हें सुरक्षित वापस लाने की व्यवस्था की जाए। परिवारों का कहना है कि मौजूदा युद्ध जैसे हालात के कारण वे काफी चिंतित हैं। इस बीच जिला प्रशासन द्वारा मामले पर नजर रखते हुए हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया गया है। वहीं सुंदरवन विकास मामले के मंत्री बंकिम चंद्र हाजरा ने कहा कि इसकी सूचना नहीं मिली है। जानकारी मिलने पर हर तरह की मदद की जाएगी।