पत्नी की हत्या का अभियुक्त गिरफ्तार

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : पाथेरप्रतिमा थानांतर्गत दक्षिण दुर्गापुर इलाके में शनिवार को पत्नी की हत्या के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। हालांकि मृतका के बेटे ने कहा कि उसके पिता ने ही मां की हत्या की है या नहीं, इस बारे में वह निश्चित नहीं है। मृतका का नाम अनुपमा हालदर है। पुलिस के अनुसार, करीब 22 वर्ष पहले उसकी शादी अनूप हालदर से हुई थी। दंपति का एक 20 वर्षीय बेटा है। शुक्रवार को काम पर रहने के दौरान बेटे को सूचना मिली कि उसकी मां की हत्या हो गई है, लेकिन किसने की और कैसे यह घटना हुई, इस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार की रात पति-पत्नी के बीच विवाद काफी बढ़ गया था, जिसके बाद अनूप ने कथित तौर पर धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि अनूप एक प्रवासी मजदूर है, जबकि अनुपमा अपने बेटे के साथ अधिकतर मायके में रहती थी। कुछ महीने पहले ही वह ससुराल लौटी थी, जिसके बाद से ही पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। मां की मौत से स्तब्ध बेटे ने कहा, “मैं काम पर था। एक पड़ोसी ने फोन कर बताया कि मेरी मां की हत्या कर दी गई है। किसने की, यह नहीं बताया। मेरे साथ काम करने वाले लोग मुझे बाइक से घर छोड़कर गए। मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा है।” घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अभियुक्त पति को गिरफ्तार कर घटना की जांच कर रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in