

सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: गौ माता के सम्मान, संरक्षण और सेवा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साध्वी श्रद्धागोपाल सरस्वती जी ने हावड़ा के विक्रम विहार में विशेष कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के लिए देशव्यापी जनजागरण की आवश्यकता पर जोर दिया।
साध्वी जी ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था, करुणा और संवेदनशीलता की प्रतीक हैं। उनका सम्मान और संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक कर्तव्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीव दया और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का भी माध्यम है।
इस अवसर पर साध्वी श्रद्धागोपाल सरस्वती ने आगामी 21 दिसंबर 2026 को कोलकाता में आयोजित होने वाले सामूहिक सम्मान दिवस में अधिक से अधिक धर्मावलंबियों से शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक भागीदारी के माध्यम से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग सरकार तक पहुंचाई जा सकती है।
कार्यक्रम में विक्रम विहार के सभी भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजन को सफल बनाया।