

कोलकाता : रूबी पार्क पब्लिक स्कूल का चतुर्थ वार्षिकोत्सव ‘एकोलेड’ शनिवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित हुआ। ‘द साउंड ऑफ म्यूजिक’ से प्रेरित समारोह की थीम सामंजस्य, दृढ़ता और संगीत की उपचारात्मक शक्ति रही।
विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और अभिनय के माध्यम से संगीत की भावनात्मक एवं सकारात्मक भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ समारोह का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि आईआरएस अधिकारी एवं आयकर विभाग के निदेशक राम कृष्ण केडिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथक कलाकार संदीप मल्लिक, रूबी पार्क पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य मौसमी महापात्र, कृष्णदयाल एजुकेशन रिसर्च एंड एकेडमी के अध्यक्ष व रूबी पार्क पब्लिक स्कूल के चेयरमैन आलोक टिबरेवाल, उषा टिबरेवाल तथा विधायक सौरव सिकदर उपस्थित रहे।
विद्यालय के संगीत दल की सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य, संगीतमय प्रस्तुतियों और अभिनय के जरिए दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। शैक्षणिक और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
सामूहिक प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों की सामूहिक प्रस्तुति ने एकता, सहयोग और सौहार्द का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य मौसमी महापात्र ने कहा कि ‘एकोलेड’ विद्यार्थियों की शैक्षणिक, कलात्मक, रचनात्मक और मानवीय प्रतिभाओं का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संवेदनशीलता, रचनात्मकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।