करेंसी एक्सचेंज व्यापारी से 5.90 लाख रुपये की लूट

खिदिरपुर रोड पर मिनी बस में घुसे लुटेरे, मारपीट कर बैग छीना और फरार
फाइल फोटो
फाइल फोटोफाइल फोटो
Published on

कोलकाता : खिदिरपुर रोड स्थित मैदान इलाके में मंगलवार शाम को एक सनसनीखेज वारदात में चार अज्ञात युवकों ने मिनी बस में सफर कर रहे 61 वर्षीय करेंसी एक्सचेंज व्यापारी से मारपीट कर 5.90 लाख रुपये नकद लूट लिए। यह घटना उस समय घटी जब पीड़ित शेख हैदर हावड़ा-मेटियाब्रुज रूट की बस से अपने घर लौट रहे थे।

पीड़ित शेख हैदर ने पुलिस को बताया कि वह अपने कारोबार से लौट रहे थे और उनके कंधे के बैग में नकदी के साथ मोबाइल फोन भी था। घटना के वक्त बस मैदान इलाके के पास पहुंची ही थी कि चार युवक टी बोर्ड के समीप बस में सवार हुए। कुछ ही पलों में उन्होंने हैदर को जानबूझकर कोहनी मारकर उकसाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में मौजूद कोई भी यात्री पीड़ित की मदद के लिए आगे नहीं आया। आरोपियों ने मारपीट के दौरान हैदर को जबरन बस से नीचे उतार लिया और उनका बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। चारों आरोपी पोर्ट इलाके की भीड़ का फायदा उठाकर आंखों से ओझल हो गए।

घटना के कुछ देर बाद एक राहगीर ने घायल अवस्था में हैदर को सड़क किनारे देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हैदर को प्राथमिक उपचार दिलवाया और मामला दर्ज कर लिया है।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in