

कोलकाता : महानगर में दिनदहाड़े लुटेरों ने एक आभूषणों व्यवसायी पर हमला कर करीब 5.29 लाख रुपये मूल्य की 2 किलो चांदी की बॉल्स लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त जयजीत डे समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना गिरीश पार्क थाना अंतर्गत विवेकानंद रोड की हैं। पुलिस ने मामले में मुख्य अभियुक्त जयजीत डे को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 9 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला
हावड़ा के सलकिया निवासी शंकर साव (32) ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनकी श्री गोयनका स्ट्रीट में आभूषण की दुकान है। बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे जयजीत डे नाम का एक व्यक्ति उनकी दुकान पर 2 किलो चांदी खरीदने पहुंचा। दुकान में तत्काल स्टॉक उपलब्ध नहीं होने पर शंकर ने दूसरे ज्वैलर से चांदी का इंतजाम किया और जयजीत को फोन कर विवेकानंद रोड स्थित एम.पी. ज्वैलर के पास डिलीवरी लेने के लिए बुलाया। हमला शाम करीब 5:30 बजे शंकर अपने कर्मचारी कृष्ण जायसवाल के साथ निर्धारित स्थान पर पहुंचे। वहां जयजीत डे अपने ड्राइवर और अन्य साथियों के साथ एक निजी कार में मौजूद था। आरोप है कि जयजीत के कहने पर शंकर से कार के अंदर बैठे बदमाशों ने चांदी की 2 किलो बॉल्स अपने कब्जे में ले लीं। इसके बाद अभियुक्तों ने अचानक शंकर पर हमला बोल दिया। कार के भीतर उनकी जमकर पिटाई की गई, जिससे उनके बाएं हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। मारपीट के बाद बदमाश उन्हें चलती कार से सड़क पर फेंककर मौके से फरार हो गए। घायल शंकर साव को तत्काल कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
लूट के बाद भागते वक्त ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ा
सूत्रों के अनुसार, बुधवार की शाम ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और राहगीर उस समय सतर्क हो गए जब उन्होंने एक कार को बीडन स्ट्रीट पर तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ते देखा। आरोप है कि कार ने पहले एक अन्य वाहन को टक्कर मारी और फिर ट्रैफिक सिग्नल की अवहेलना करते हुए आगे बढ़ गई। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत उसका पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते हुए पुलिस बागबाजार तक पहुंची, जहां चालक कार छोड़कर फरार होने में सफल रहा। हालांकि, वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति को लूटी गयी चांदी के साथ मौके पर ही पकड़ लिया गया।