

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में सड़क हादसे के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति के साथ मारपीट और उसकी सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। घटना भवानीपुर थानांतर्गत सबर्बन हॉस्पिटल रोड और चौरंगी रोड क्रॉसिंग के पास की है। पीड़ित अजय खेमका (35) ने इस संबंध में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार अजय खेमका 5 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान सबर्बन हॉस्पिटल रोड और चौरंगी रोड क्रॉसिंग के पास एक गहरे रंग की कार ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी कार की बाईं ओर टक्कर मार दी। शिकायत के मुताबिक टक्कर के बाद अजय खेमका ने अपनी कार रोकी और खिड़की का शीशा नीचे कर मामले की जानकारी लेने की कोशिश की। तभी दूसरी कार से चालक और एक अन्य व्यक्ति बाहर निकले और उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके चेहरे और हाथ में चोटें आईं। इसी दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन भी गायब हो गई। उनका कहना है कि हाथापाई के दौरान चेन छीनी गई या गिर गई। घटना के बाद आरोपी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए। इस हमले में अजय खेमका की कार को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।