फाइल फोटो
फाइल फोटो

रंगदारी देने से मना करने पर युवक से मारपीट

Published on

गरियाहाट थाना में एफआईआर दर्ज

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

गरियाहाट थाना क्षेत्र के बॉण्डेल रोड पर रंगदारी देने से मना करने पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट और सोने की चेन छीनने की घटना सामने आई है। पीड़ित अमर खती (44) की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, घटना 20 सितंबर की दोपहर करीब 3:15 बजे की है। अमर खती ने पुलिस को बताया कि वे बॉण्डेल रोड स्थित अपने घर लौट रहे थे। बाबा ऑप्टिकल और डेज मेडिकल के पास एक व्यक्ति ने उन्हें रोका और बाउंड्री के पास से पत्थर हटाने को कहा। जब पीड़ित ने पत्थर अपनी सीमा में होने का हवाला देकर हटाने से इनकार किया, तो अभियुक्त ने उनसे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वे अभियुक्त के पिता को पहले भी 1 लाख दे चुके हैं। जब अमर ने दोबारा पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी ने अपने सहयोगियों—संजीव सिंह, बप्पा घोष, सरफराज और संजीव के छोटे भाई—को बुला लिया। आरोप है कि इन सभी ने पीड़ित का कॉलर और टी-शर्ट पकड़कर लोहे की रॉड, लाठी, घूंसे और लातों से उन पर हमला कर दिया।मारपीट के दौरान अमर खती के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमले के दौरान आरोपी पीड़ित के गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख बताई गई है। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित को आरोपियों से बचाया गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सीएनएमसी (CNMC) अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पीड़ित की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in