शहीद दिवस पर ममता को ऋतब्रत का निमंत्रण

ऋतब्रत गुट ने मेयो रोड स्थित कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
ऋतब्रत गुट
ऋतब्रत गुट
Published on

कोलकाता : 21 जुलाई शहीद दिवस के आयोजन को लेकर तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों के बीच जारी खींचतान के बीच ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले 'असली तृणमूल' को गांधी मूर्ति (मेयो रोड) के निकट सभा आयोजित करने की अनुमति मिल गई है। सोमवार को ऋतब्रत बनर्जी, अरूप राय, अखरुज्जमां, संदीपन साहा, स्नेहाशीष चक्रवर्ती, जावेद खान, प्रसून बनर्जी और काजल शेख सहित कई नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि उनकी इच्छा है कि तृणमूल कांग्रेस की संस्थापक ममता बनर्जी भी इस कार्यक्रम में शामिल हों। उन्होंने कहा, "हम सभी चाहते हैं कि ममता बनर्जी हमारी सलाहकार के रूप में रहें और 21 जुलाई के शहीद दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करें।"

उन्होंने बताया कि इंजीनियर्स क्लब मैदान में मुख्य मंच बनाया जाएगा, जिसका मुख गांधी मूर्ति और मेयो रोड की ओर रहेगा। मंच निर्माण, प्रवेश-निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तकनीकी तैयारियों को लेकर डेकोरेटरों एवं संबंधित एजेंसियों के साथ चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

इस दौरान ऋतब्रत बनर्जी ने बिना किसी का नाम लिए कालीघाट गुट पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंच की लंबाई-चौड़ाई और अन्य तकनीकी पहलुओं का निर्णय विशेषज्ञ करते हैं, न कि राजनीतिक नेता। उनका यह बयान उस विवाद के संदर्भ में आया है, जिसमें दोनों गुट कार्यक्रम स्थल और मंच व्यवस्था को लेकर आमने-सामने हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले कई वर्षों से 21 जुलाई का शहीद दिवस कार्यक्रम विक्टोरिया हाउस के सामने आयोजित होता रहा है, लेकिन इस बार प्रशासन ने वहां किसी भी गुट को अनुमति नहीं दी। इसके बाद कालीघाट गुट ने इस निर्णय को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दी है। दूसरी ओर, ऋतब्रत बनर्जी गुट को गांधी मूर्ति के निकट वैकल्पिक स्थल पर सभा आयोजित करने की अनुमति मिल चुकी है। ऐसे में इस वर्ष का शहीद दिवस राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in