ऋतब्रत गुट ने घोषित की नई जिला टीम

ममता के करीबी अनुब्रत मंडल बने बीरभूम जिला अध्यक्ष
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस पर नियंत्रण को लेकर ममता बनर्जी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट के बीच जारी सियासी संघर्ष के बीच शनिवार को ऋतब्रत खेमे ने संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया। तपसिया के एक होटल में आयोजित बैठक में पार्टी की नई जिला समितियों और प्रवक्ताओं की सूची जारी की गई।

नई सूची के अनुसार हावड़ा की जिम्मेदारी अरुणाभ सेन, पश्चिम मेदिनीपुर की प्रदीप सरकार, घाटाल की संजय, बांकुड़ा की रथीन बनर्जी, पुरुलिया की उज्ज्वल कुमार, पूर्व बर्दवान की रवींद्रनाथ चट्टोपाध्याय, पश्चिम बर्दवान की नगेंद्रनाथ चट्टोपाध्याय, उत्तर कोलकाता की संदीपन साहा, दक्षिण कोलकाता की देवाशीष कुमार, डायमंड हार्बर की शुभाशीष दास, सुंदरबन की गणेश मंडल तथा हावड़ा सदर की सृष्टिधर घोष को सौंपी गई।

संगठन के साथ-साथ मीडिया में पार्टी का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने के लिए प्रसून बंद्योपाध्याय को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। वहीं संदीपन साहा, आखरुज्जामान, कोहिनूर मजुमदार और सुदीप साहा को पार्टी का प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।

बैठक का सबसे अहम फैसला बीरभूम में अनुब्रत मंडल (केष्टो) को जिला अध्यक्ष बनाए जाने का रहा। सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में जिला स्तर पर अपेक्षित महत्व नहीं मिलने से वह नाराज चल रहे थे। शुक्रवार को ऋतब्रत गुट के साथ उनकी सहमति बनने के बाद शनिवार को उन्हें यह जिम्मेदारी सौंप दी गई। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि अनुब्रत की नियुक्ति से बीरभूम में संगठन को मजबूती मिलेगी।

इसके अलावा अभिजीत सिंह उर्फ राणा सिंह को राष्ट्रीय कार्यसमिति में शामिल किया गया। बैठक में पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. शांतनु सेन, अशोक रुद्र, नारायण गोस्वामी, पूर्व विधायक निर्मल घोष सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि अब संगठन का पूरा ध्यान 21 जुलाई के कार्यक्रम को सफल बनाने और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर रहेगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in