

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस में जारी घमासान के बीच विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने शुक्रवार को विधानसभा में अभिषेक बनर्जी के लापता पीए सुमित राय को लेकर सनसनीखेज आशंका जताई। उन्होंने सवाल किया, “सुमित राय की हत्या तो नहीं कर दी गई?” ऋतब्रत ने कहा कि सुमित की मौत होने पर कई राज दफन हो जाएंगे और इसका लाभ अभिषेक बनर्जी को मिल सकता है।
ऋतब्रत ने कहा, “सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें सुरक्षा दी है और हाई कोर्ट ने जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है। इसके बावजूद अगर वह सामने नहीं आते हैं तो आशंका होना स्वाभाविक है। हालांकि, मैं चाहता हूं कि मेरी आशंका गलत साबित हो। किसी की मौत की कामना नहीं करनी चाहिए।”
सुमित का नाम जेल में बंद पूर्व तृणमूल विधायक सुजय हाजरा की गिरफ्तारी के बाद सामने आया था। 2026 के विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित वसूली और शालबनी जमीन मामले में उनका नाम सामने आया है। पुलिस की तलाश के बाद अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट और लुकआउट नोटिस जारी किया।
हाई कोर्ट ने डेबरा मामले में उन्हें अग्रिम जमानत दी है, जबकि शालबनी मामले में 10 दिनों के भीतर जांच अधिकारियों के सामने पेश होने का निर्देश दिया है। ऋतब्रत ने कहा, “सुमित का पकड़ा जाना बेहद जरूरी है। अगर उनकी हत्या हो गई तो कई बातें दब जाएंगी और इसका सीधा लाभ अभिषेक बनर्जी को होगा।”