फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
रिश्वत लेने के आरोप में दो रेलवे अधिकारी सहित 4 गिरफ्तार
हावड़ा के होटल से 4 लाख कैश के साथ रंगे हाथों हुई गिरफ्तारी
टेंडर दिलाने के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
रेलवे टेंडर दिलाने के नाम पर लाखों रुपये का रिश्वत लेने के मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रेलवे के दो वरिष्ठ अधिकारी और एक निजी कंपनी के दो शीर्ष प्रबंधक शामिल हैं। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, इन सभी को हावड़ा के एक होटल में टेंडर के बदले 4 लाख रुपये की रिश्वत का लेनदेन करते समय रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए रेलवे अधिकारियों की पहचान लखनऊ में तैनात आशुतोष कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, निजी कंपनी के प्रबंधकों में शशांक अग्रवाल और स्वरूप कुमार शामिल हैं।
दो दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा गया
बुधवार को सीबीआई की विशेष टीम ने चारों आरोपियों को कोलकाता स्थित विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया। मामले की जांच, वित्तीय साठगांठ और भ्रष्टाचार के इस नेटवर्क के अन्य पहलुओं को उजागर करने के लिए सीबीआई ने आरोपियों की कस्टडी की मांग की। अदालत ने सीबीआई की याचिका स्वीकार करते हुए चारों आरोपियों को 2 दिनों के लिए सीबीआई हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

