पूजा से पहले खराब सड़कों की मरम्मत तेज

31 हिस्सों का काम पूरा; 45 सड़कें अब भी बाकी
Kolkata
खराब सड़कों की मरम्मत तेज
Published on

कोलकाता : दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता की खराब सड़कों को दुरुस्त करने के लिए कोलकाता नगर निगम (KMC) ने मरम्मत अभियान तेज कर दिया है। लगातार हुई बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कों पर गड्ढे और सड़क की सतह खराब होने की समस्या सामने आई है।

KMC ने कुल 76 सड़कों की मरम्मत की जरूरत चिन्हित की है, जिनमें से 31 हिस्सों का काम पूरा हो चुका है, जबकि 45 हिस्सों की मरम्मत अभी बाकी है।

KMC प्रशासक स्मिता पांडे ने कहा है कि पूजा से पहले शहर की प्रमुख सड़कों की मरम्मत पूरी करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने दुर्गा पूजा आयोजकों के साथ बैठक में बताया कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने KMC को सभी खराब सड़कों की मरम्मत के लिए 10 अक्टूबर की समयसीमा दी है।

7 मिलिंग मशीनों से सड़कों को समतल करने की तैयारी

सड़क मरम्मत की गति बढ़ाने के लिए KMC ने दो नई मिलिंग मशीनें खरीदी हैं। इसके साथ निगम के पास अब कुल 7 मिलिंग मशीनें हो गई हैं, जिनमें 6 बड़ी और एक छोटी मशीन है। मंगलवार रात श्यामबाजार फाइव-पॉइंट क्रॉसिंग पर नई मशीनों के इस्तेमाल की शुरुआत की गई।

इन मशीनों की मदद से सड़क की ऊबड़-खाबड़ बिटुमिनस सतह को हटाकर उसे समतल किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, नई मशीनों में एक मीटर चौड़ी स्क्रेपर ब्लेड लगी है, जिसका इस्तेमाल प्रमुख सड़कों पर भी किया जा सकता है।

कई प्रमुख सड़कें अब भी खराब

शहर की सेंट्रल एवेन्यू, रॉडन स्ट्रीट, लाउडन स्ट्रीट, जवाहरलाल नेहरू रोड और रासबिहारी एवेन्यू समेत कई सड़कों पर लंबे हिस्से में सतह ऊबड़-खाबड़ है। ईएम बाइपास के कई हिस्सों में भी ऐसी समस्या बनी हुई है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को इन सड़कों पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in