फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
‘रेंट-ए-फ्रेंड’ के लालच में न आएं: दुर्गा पूजा से पहले जाल बिछा रहे हैं साइबर अपराधी
किराए पर ‘सपने का साथी’ देने के नाम पर साइबर ठगों का नया जाल, पुलिस ने जारी किया अलर्ट
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
सोशल मीडिया पर अकेलेपन को हथियार बनाकर साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया तरीका खोज निकाला है। ''रेंट-ए-फ्रेंड'' का लालच देकर लोगों को चूना लगाया जा रहा है। पुलिस ने इस नए साइबर फ्रॉड के प्रति नागरिकों को आगाह करते हुए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जालसाज सोशल मीडिया पर विज्ञापन के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसमें ''ड्रीम बॉय'' या '' ड्रीम गर्ल'' किराए पर उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है। विज्ञापनों में आकर्षक युवक-युवतियों की तस्वीरें दिखाई जाती हैं, जो असल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाई गई फर्जी तस्वीरें होती हैं। इन्हें देखकर कोई भी धोखा खा सकता है। विज्ञापन में दावा किया जाता है कि ये साथी पार्टी, ट्रिप, या दुर्गा पूजा के दौरान हर समय साथ रहने के लिए तैयार हैं और इसमें पूरी गोपनीयता बरती जाएगी।
ऐसे फंसाते हैं जाल में:
विज्ञापन के नीचे दिए गए ''बुक नाऊ'' (Book Now) विकल्प पर क्लिक करते ही यूजर को रजिस्ट्रेशन और अग्रिम शुल्क जमा करने को कहा जाता है। इसके बाद पीड़ित को कुछ और एआई-जनरेटेड फर्जी प्रोफाइल भेजकर किसी एक साथी को चुनने का विकल्प दिया जाता है। चुनाव करने के बाद जालसाज ''सिक्योरिटी डिपॉजिट'' और ''वेरिफिकेशन चार्ज'' के नाम पर मोटी रकम ऐंठ लेते हैं।
पैसे मिलते ही कर देते हैं ब्लॉक:
जैसे ही पीड़ित बताए गए खाते में पैसे ट्रांसफर करता है, ठग उसे तुरंत ब्लॉक कर देते हैं और संपर्क के सारे रास्ते बंद कर देते हैं। पुलिस का कहना है कि देश के विभिन्न हिस्सों से इस तरह की शिकायतें दर्ज की गई हैं। त्योहारों के सीजन से पहले साइबर गिरोह शहरों में इस पैटर्न पर लोगों को निशाना बनाने की फिराक में हैं। इससे पहले भी फर्जी ''डेटिंग ऐप्स'' के जरिए इसी तरह की ठगी के मामले सामने आ चुके हैं।
पुलिस की अपील:
किसी भी अनजान सोशल मीडिया विज्ञापन या ''रेंट-ए-फ्रेंड'' के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति या ऐप को अग्रिम पैसे, सिक्योरिटी डिपॉजिट या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ऑनलाइन ट्रांसफर न करें।

